रंगाली बिहू पर ढेकियाखुवा माझगांव नामघर में वरिष्ठजनों का सम्मान

जोरहाट(असम), 15 अप्रैल (हि.स.)। रंगाली बिहू के शुभ अवसर पर ढेकियाखुवा माझगांव विकास समिति के तत्वावधान में, नामघर संचालन समिति और स्थानीय जनता के सहयोग से एक भावनात्मक और प्रेरणादायक आशीर्वाद ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस खास आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लगभग 12 वरिष्ठजनों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को समाज में पुनः जागृत करना था। यह कार्यक्रम असमिया परंपरा और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बन गया।

उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त ढोलिया कलाकार और प्रसिद्ध ढोल के ओजा, महेंद्र सुतिया को विशेष सम्मान प्रदान कर आयोजनकर्ताओं ने उनके योगदान को सराहा।

कार्यक्रम को और अधिक रंगीन और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने हेतु आयोजकों ने एक मुक्त बिहू प्रदर्शन का भी आयोजन किया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं।

समारोह में सभी वर्गों के लोगों की उपस्थिति ने इसे और भी विशेष बना दिया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और परस्पर सम्मान की भावना को और मजबूत करेंगे। यह समारोह न केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम था, बल्कि सामाजिक मूल्यों का उत्सव भी था।

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

   

सम्बंधित खबर