बंगाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने किया नदिया दुष्कर्म स्थल का दौरा

कोलकाता, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक युवती का 'बलात्कार और हत्या' के बाद शव मिलने के स्थान पर गुरुवार को राज्य के सहायक पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुप्रतीम सरकार ने दौरा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) अस्पताल भेजा गया है।

बुधवार को कृष्णानगर के एक खेत में युवती का शव मिला, जिसका चेहरा तेजाब से जला हुआ था और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। मृतका के माता-पिता की शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति, जिसे महिला का प्रेमी बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार कर उसकी हत्या की गई।

दक्षिण बंगाल के एडीजी सुप्रतीम सरकार ने आश्रमपाड़ा क्षेत्र का दौरा किया, जहां युवती का शव मिला था। पुलिस ने मृतका के दो करीबी दोस्तों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया।

मृतका के माता-पिता का आरोप है कि सामूहिक बलात्कार और हत्या के बाद उनकी बेटी के चेहरे पर तेजाब डालकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर