विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने दिए श्रीरामपुर जूट मिल खुलने के संकेत
- DSS Admin
- May 18, 2026
हुगली, 18 मई (हि. स.)। श्रीरामपुर के नवनिर्वाचित विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने सोमवार शाम लंबे समय से बंद पड़ी श्रीरामपुर जूट मिल जल्द ही फिर से खुलने के संकेत दिया। इस घोषणा के बाद मिल श्रमिकों और उनके परिवारों के बीच नई उम्मीद जगी है।
श्रीरामपुर के महेश इलाके में अपने नए विधायक कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर भट्टाचार्य ने कहा कि जूट मिल को दोबारा चालू करने के लिए मिल मालिकों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मंगलवार को जिलाधिकारी (डीएम) के साथ बैठक प्रस्तावित है, जबकि उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) के साथ भी जल्द चर्चा की जाएगी।
विधायक ने आरोप लगाया कि पूर्व में राजनीतिक कारणों और स्थानीय स्तर की समस्याओं के चलते मिल लंबे समय तक बंद रही। उन्होंने कहा कि मिल से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज मंगवाए गए हैं और प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज की जा रही है, ताकि श्रमिकों को जल्द राहत मिल सके।
गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही बंद पड़े उद्योगों, खासकर जूट मिलों को लेकर श्रमिकों में नई उम्मीद बनी हुई थी। श्रीरामपुर जूट मिल के दोबारा खुलने की संभावना ने श्रमिक परिवारों में रोजगार और आर्थिक स्थिरता की उम्मीद को फिर से मजबूत किया है।
---------------

