सेवन वॉटरफॉल हादसा-दो दिन बाद युवक का शव बरामद, प्रशासन ने आम लोगों के प्रवेश पर लगाई रोक

बनी, 28 जून (हि.स.)। जिले की पहाड़ी तहसील बनी के सरथल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सेवन वॉटरफॉल में नहाते समय डूबे युवक ऋषभ कुमार का शव दो दिन बाद रविवार सुबह करीब 11 बजे बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार ऋषभ कुमार दो दिन पहले अपने दोस्तों के साथ सेवन वॉटरफॉल घूमने गया था। इस दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के तुरंत बाद उसके साथियों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और कठुआ पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और तेज जलधारा के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा लेकिन टीमों ने लगातार दो दिनों तक अभियान जारी रखा।

रविवार को चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान आखिरकार रेस्क्यू टीम को सफलता मिली और युवक का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए सेवन वॉटरफॉल पर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। एडीसी बनी द्वारा जारी आदेश में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लोगों से इस क्षेत्र में न जाने की अपील की गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पर्यटन स्थलों पर जाते समय सावधानी बरतें और खतरनाक स्थानों पर जाने से बचें। वहीं इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

   

सम्बंधित खबर