10 दिन में सड़कें ठीक करो, वरना होगा जन आंदोलन-सिविल सोसाइटी का पीडब्लूडी को अल्टीमेटम
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
कठुआ, 15 जून (हि.स.)। शहर की जर्जर सड़कों और जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढों से परेशान सिविल सोसाइटी कठुआ ने लोक निर्माण विभाग को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द हालात नहीं सुधारे गए तो बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सोमवार को सिविल सोसाइटी के सदस्य पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे और कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। लेकिन आरोप है कि उनके पहुंचते ही विभाग के अधिकारी कार्यालय से नदारद हो गए। इससे नाराज सदस्यों ने कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा सकते तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने शहर की बदहाल सड़कों को आम जनता के साथ सीधा अन्याय बताते हुए कहा कि टैक्स देने के बावजूद लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। बाद में ज्ञापन विधायक कठुआ को सौंपा गया।
सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने अनोखे तरीके से नहर में स्कूटी चलाकर सड़कों की खराब हालत के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया था। हालांकि कुछ समय बाद ही सड़कों की स्थिति फिर से खराब हो गई और पैचवर्क भी टिकाऊ साबित नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चीन का 50 के हेडफोन भी उतनी जल्दी खराब नहीं होते जितनी जल्दी पीडब्लूडी का पैचवर्क उखड़ जाता है। सदस्यों ने साफ चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, तो आंदोलन उग्र रूप लेगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। सिविल सोसाइटी ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है लेकिन इन मोर्चों पर लगातार लापरवाही देखने को मिल रही है।
---------------

