जनता दरबार में डीएम को गिनवाई समस्याएं

पौड़ी गढ़वाल, 01 जून (हि.स.)। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 17 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने अफसरों को जल्द ही समस्याएं हल करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में चमना के ग्रामवासियों ने गेंठी-छेडा पम्पिंग योजना से पेयजल आपूर्ति बाधित होने, खड़ेत तल्ला के धीरेन्द्र सिंह ने हर घर नल योजना के तहत पेयजल संयोजन दिये जाने, कोटद्वार के सुरेंद्र प्रसाद ने वार्ड 29 घमंडपुर के घनानंद विहार कालोनी में पांच परिवारों की बाधित पेयजल आपूर्ति को सुचारु करने की शिकायत रखी। कलगढ़ी के ग्रामीणों ने गांव के पास आपदा के चलते क्षतिग्रस्त हुए पुल को हटाए जाने और झुके हुए विद्युत पोल को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की फरियाद की।

तहसील लैंसडौन के खडेती निवासी प्रकाश चंद्र ने कहा कि एनएच विभाग द्वारा उनके शहीद भाई की स्मृति में बनाये गये शहीद स्मृति द्वार को तोड़ा गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने एनएच के अधिकारी को इसके पुर्ननिर्माण करने को कहा।

विकासखंड पाबौ के राउमावि चौरखाल के खेल मैदान के बीच पेयजल जल निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे कमरे के कार्य रुकवाते हुए ग्रामीणों और शिक्षक अभिभावक संघ की अपेक्षा के अनुरुप इसे अन्य उपयुक्त जगह पर बनाये जाने को कहा।

   

सम्बंधित खबर