बहादुरगढ़ में कचोरी विक्रेता ने की खुदकुशी, दो के खिलाफ केस दर्ज

झज्जर, 24 अप्रैल (हि.स.)। बहादुरगढ़ शहर के बसंत बिहार में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के लिए परिजनों ने एक महिला और उसके पति को जिम्मेदार ठहराया है। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान करीब 26 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है।

गौरव मूल रुप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पिछले करीब 15 साल से यहां बसंत विहार में रह रहा था। कचौड़ी बेचने का व्यवसाय करता था। बताता गया है कि बुधवार की रात को वह अपने घर पर था। आरोप है कि इसी दौरान एक महिला अपने पति के साथ आई और विवाद हो गया। विवाद को देखते हुए गौरव ने अपनी पत्नी और बच्चों को बाहर भेज दिया।

कुछ देर बाद जब परिजन वापस आए तो गौरव फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत उसको संभाला लेकिन उसकी सांस थम चुकी थी। सूचना पाकर सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों का आरोप है कि गौरव को आरोपी महिला व उसके पति द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड की जा रही थी। बुधवार की रात को भी मारपीट की गई और फोन तोड़ दिया। इसी प्रताडऩा से तंग आकर गौरव ने यह कदम उठा लिया। पत्नी अंशु की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की असल हकीकत जांच का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर