श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर ने किया रूफटॉप वेजिटेबल गार्डन मॉडल विकसित
- Admin Admin
- Mar 21, 2025
जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। शहरी क्षेत्रों में जैविक एवं रसायनमुक्त सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर ने अभिनव पहल की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधीनस्थ हॉर्टिकल्चर कॉलेज दुर्गापुरा में एक अभिनव रूफटॉप वेजिटेबल गार्डन मॉडल विकसित किया है।
कुलपति प्रो. डॉ. बलराज सिंह ने बताया कि आधुनिक शहरी जीवन में भूमि की उपलब्धता तेजी से कम हो रही है, वहीं बाजार में रसायनयुक्त सब्जियों का बढ़ता उपयोग स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। ऐसे में यह रूफटॉप वेजिटेबल गार्डन मॉडल एक प्रभावी समाधान प्रस्तुत करता है, जिससे नागरिक अपनी छतों पर ही ताजी एवं जैविक सब्जियां उगा सकते हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. आर.सी. अग्रवाल ने इस गार्डन का दौरा किया और इसे शहरी खेती एवं पर्यावरण-अनुकूल नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस गार्डन का संपूर्ण रखरखाव हॉर्टिकल्चर कॉलेज के छात्रों द्वारा किया जा रहा है। यह पहल उन्हें शहरी खेती की आधुनिक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से सीखने और नवाचारों को समझने का अवसर प्रदान कर रही है। इस मॉडल को पुराने ओवरहेड वॉटर टैंकों, डस्टबिन, प्लास्टिक की बोतलों, कंटेनरों एवं अन्य अनुपयोगी सामग्रियों का पुनः उपयोग करके तैयार किया गया है। यह दृष्टिकोण कचरे को कम करने और संसाधनों के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो रहा है। यह रूफटॉप वेजिटेबल गार्डन मॉडल न केवल ताजा एवं स्वास्थ्यवर्धक जैविक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को भी बढ़ावा देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश



