कानपुर मेट्रो के पांच भूमिगत स्टेशनों पर संकेतक और इंफॉर्मेशन डिस्प्ले किये गए इंस्टाल

कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-एक (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत मोतीझील से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक यात्री सेवाओं के विस्तार की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। शुरू होने जा रहे पांचों नए भूमिगत स्टेशनों चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस कड़ी में इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए संकेतक या साइनेज लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही इन स्टेशनों पर पब्लिक इनफॉरमेशन डिस्प्ले सिस्टम यानी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शन प्रणाली की व्यवस्था भी इंस्टॉल कर दी गई है। यह जानकारी सोमवार को यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने दी।

मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) के आगामी निरीक्षण के बाद शीघ्र ही मेट्रो यात्री सेवाओं का कानपुर सेंट्रल तक विस्तार सम्भव हो सकता है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए जरूरी सभी संकेतक या साइनेज लगा दिए गए हैं। ये संकेतक यात्रियों को प्रवेश-निकास द्वार, टिकट काउंटर, प्लैटफॉर्म आदि का रास्ता दिखाएंगे। मेट्रो स्टेशन पर लगाए गए। ये संकेतक या साइनेज एलईडी आधारित हैं और दूर से भी स्पष्ट दिखाई देते हैं। प्रत्येक स्टेशन पर इंस्टॉल किए गए इन संकेतकों की संख्या औसतन 275 से अधिक है, जिन्हें स्टेशन के तीनों लेवल (ग्राउंड, कॉनकोर्स और प्लैटफॉर्म) पर लगाया गया है।

संकेतकों के साथ-साथ यात्री सुविधा के लिए स्टेशनों पर पब्ल्कि इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम यानी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शन प्रणाली भी इंस्टॉल कर दी गई है। कॉनकोर्स और प्लैटफॉर्म लेवल पर लगी इस प्रणाली की मदद से लोगों को स्क्रीन पर आने वाली ट्रेन के प्लैटफॉर्म और समय से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाती है। ट्रेन के आने में कितना समय शेष है, यह भी पता चलता है। एक नजर में मिलने वाली यह जानकारी अनाउंसमेंट सुनने में अक्षम मूक-बधिर दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष रूप से सहायक होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर