राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर ने प्रो. धूमल से की मुलाकात
- DSS Admin
- May 27, 2026
हमीरपुर, 27 मई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने बुधवार को समीरपुर स्थित आवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर ठाकुर और नादौन मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार भी उपस्थित रहे।
इस दौरान सिकंदर कुमार ने प्रो. धूमल को “मोदी युग में भारत का सशक्तिकरण” पुस्तक भेंट की। उन्होंने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल का राजनीतिक जीवन संगठन, सुशासन और जनसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण रहा है। हिमाचल प्रदेश के विकास, भाजपा संगठन के विस्तार और आमजन के हितों की रक्षा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रो. धूमल के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और पारदर्शिता की नई दिशा प्राप्त की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को मजबूत वैचारिक आधार मिला। उन्होंने कहा कि प्रो. धूमल का अनुभव और मार्गदर्शन आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।
इसी क्रम में संगरोह पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान सुनील कुमार और उपप्रधान प्रीतम चंद ने पंचायत सदस्यों एवं समर्थकों सहित प्रो. धूमल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रो. धूमल ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई पंचायत टीम क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

