सिलीगुड़ी की श्रेयसी शील ने उच्च माध्यमिक में हासिल किया आठवां स्थान
- DSS Admin
- May 14, 2026
सिलीगुड़ी,14 मई (हि.स.)। सिलीगुड़ी के एक्टियासाल इलाके की रहने वाली छात्रा श्रेयसी शील ने उच्च माध्यमिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में 8वां स्थान हासिल किया है। सिलीगुड़ी गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा श्रेयसी ने कला वर्ग से 489 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।
श्रेयसी के पिता घर के सामने एक किराना दुकान चलाते है, जबकि उसकी मां एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका है। गुरुवार को जैसे ही मेरिट लिस्ट में उसका नाम घोषित हुआ, परिवार और पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।
स्कूल घर से काफी दूर होने के कारण श्रेयसी को रोजाना आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार उसे टोटो से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, और दूरी के कारण कभी कभी स्कूल जाना भी संभव नहीं हो पाता था। इसके बावजूद उसने सभी बाधाओं को पार कर यह सफलता हासिल की।
श्रेयसी आगे भूगोल विषय में पढ़ाई करना चाहती है और भविष्य में सरकारी नौकरी करने का सपना देखती है। अपनी सफलता का श्रेय उसने अपने माता-पिता, स्कूल के शिक्षकों और ट्विटर को दिया है। श्रेयसी की इस उपलब्धि पर उसके परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में गर्व का माहौल है।

