रेलवे कॉलोनी में 12 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक व नकदी जब्त
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
सीवान, 05 जुलाई (हि.स.)। नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रेलवे कॉलोनी क्षेत्र से 12 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 5,773 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 4 जुलाई को नगर थाना को सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी इलाके में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान दीपक कुमार उर्फ मशरखीया, पिता रमेश राय, निवासी सहादी छपरा, थाना अमनौर, जिला सारण के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 ग्राम स्मैक, 5,773 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
एसपी ने बताया कि इस मामले में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी टीम में नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
---------------

