महोबा : स्मार्ट लाइब्रेरी का शुभारंभ, छात्र छात्राओं को मिलेगी तकनीक से युक्त अध्ययन सामग्री
- DSS Admin
- Jun 17, 2026

महोबा, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सदर विधायक राकेश गोस्वामी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर एवं जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बुधवार को स्मार्ट लाइब्रेरी का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही जिले भर में पांच अन्य पुस्तकालयों के नवीनीकरण का कार्य पूर्ण हो गया है।
शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले भर में पांच पुस्तकालयों का नवीनीकरण कराया गया है। जिसमें छात्र छात्राओं को पढ़ाई करने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। सदर विधायक राकेश गोस्वामी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर एवं जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने संयुक्त रूप से मुख्यालय में राठ रोड स्थित राजकीय पुस्तकालय में पांच पुस्तकालयों के नवीनीकरण हो जाने पर फीता काटकर शुभारंभ किया है। जिले में राजकीय जिला पुस्तकालय, राजकीय मुकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विकासखंड कबरई के ग्राम श्रीनगर, वीर भूमि राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय के नवीनीकरण के कार्य संपन्न हो जाने पर स्मार्ट लाइब्रेरी का शुभारम्भ किया गया है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाइब्रेरी में मिल रहीं सुविधाओं का अवलोकन किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्मार्ट लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा आम नागरिकों के लिए ज्ञान का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। यहां आधुनिक तकनीक से युक्त अध्ययन सामग्री, इंटरनेट सुविधा तथा शांत वातावरण उपलब्ध कराया गया है,जिससे छात्र छात्राओं को बेहतर अध्ययन का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी नें पाठकों की मांग करने पर पुस्तकालय के समय को बढ़ाने तथा रविवार व अन्य जयंती आदि पर होने वाले अवकाश के दिनों में भी पुस्तकालय खुलवाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को उनकी रुचि अनुसार पुस्तकों की व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिए हैं।
सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि सुविधाओं से वंचित छात्र छात्राओं के लिए स्मार्ट लाइब्रेरी किसी वरदान से कम नहीं है।इससे छात्र छात्राओं का भविष्य बेहतर होगा।
विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि स्मार्ट लाइब्रेरी युवाओं के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान अधिकारियों ने लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों, डिजिटल संसाधनों तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व कुंवर पंकज, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के उपरांत अतिथियों ने लाइब्रेरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की है।
---------------

