हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार, 115 अफीम पौधे नष्ट

Smuggler arrested with heroin, 115 opium plants destroyed


कठुआ, 11 मई । नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया और अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया।

पुलिस थाना बसोहली के तहत महानपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसकी पहचान राहुल शर्मा निवासी महानपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस संबंध में थाना बसोहली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना बनी क्षेत्र के बघ लोवांग में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती पर प्रहार करते हुए 115 अफीम (पोस्त) के पौधे, जिनका कुल वजन लगभग 3.750 किलोग्राम था जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिए। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।

कठुआ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर