गृह मामलों संबंधी संसदीय स्थायी समिति तीन दिवसीय अध्ययन दौरे पर सिक्किम पहुंची
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
पाक्योंग, 01 जुलाई (हि.स.)। गृह मामलों संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्य बुधवार काे तीन दिवसीय अध्ययन दौरे पर सिक्किम पहुंचे। समिति के अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल एक से 3 जुलाई तक सिक्किम में रहेगा।
दौरे के दौरान समिति भारत-चीन सीमा पर स्थित नाथूला का भ्रमण करेगी। वहां समिति के सदस्य भारतीय सेना के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे तथा सीमा प्रबंधन, सुरक्षा चुनौतियों, सीमा पार आवागमन, मानव तस्करी की रोकथाम, साइबर एवं संचार संबंधी चुनौतियों, नागरिक-सैन्य समन्वय तथा सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित जानकारी प्राप्त करेंगे।
इसके अतिरिक्त, समिति उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करेगी। बैठक में पीएम-डिवाइन, एनईसी योजनाओं, मिशन सिक्किम ऑर्गेनिक्स सहित केंद्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा और मूल्यांकन किया जाएगा।
आज रंगपो स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र में गृह विभाग के प्रोटोकॉल अधिकारी डीपी सिलाल तथा गंगटोक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
---------------

