गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रामबाड़ा से लिनचोली के बीच बर्फ सफाई का कार्य शुरू
- Admin Admin
- Mar 17, 2025

रुद्रप्रयाग, 17 मार्च (हि.स.)। आगामी 2 मई से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा को लेकर गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रामबाड़ा से लिनचोली के बीच बर्फ सफाई का कार्य चल रहा है। यहां, बार-बार खराब हो रहे मौसम और हिमखंड जोन में बर्फ खिसकने से मजदूरों को दिक्कत हो रही है।
बीते 14 मार्च से लोनिवि के 70 से अधिक मजदूर अलग-अलग स्थानों पर टीम बनाकर बर्फ सफाई में जुटे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से केदारनाथ क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम खराब होने और बर्फबारी के कारण कार्य व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है। सोमवार को भी यहां बर्फबारी हुई। ऐसे में बर्फ को साफ करने में खासी परेशानी हो रही है। साथ ही छोटी लिनचोली से बड़ी लिनचोली के बीच तेज धूप और बर्फबारी के बाद हिमखंड जोन में बर्फ खिसकने का खतरा भी बना है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनय झिक्वांण ने बताया कि पहले चरण में 70 से अधिक मजदूर बर्फ साफ करने के लिए भेजे गए हैं। बताया कि रामबाड़ा से केदारनाथ तक चार फीट से अधिक बर्फ है। यहां प्राथमिकता से बर्फ को साफ कर आवाजाही के लिए रास्ता तैयार किया जाएगा। आने वाले दिनों में जैसे ही मौसम में सुधार होगा, मजदूरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि चटक धूप में हिमखंड के खिसकने पर बर्फ सफाई के कार्य में और परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि रामबाड़ा-गरुड़चट्टी पुराने मार्ग को पुनर्जीवित करने का कार्य भी पुन: जल्द शुरू कर दिया जाएगा। बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के चलते कार्य बंद कर दिया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / दीप्ति