नेपाल के गोरखा जिले में सितंबर में ही हुई भारी बर्फबारी

काठमांडू, 28 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के उत्तरी जिले गोरखा के कई स्थानों पर भारी बर्फबारी की खबर है। आमतौर पर दिसंबर से फरवरी के बीच होने वाली बर्फबारी इस बार सितंबर महीने में ही हो गई है। शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश के कारण हिमालयी क्षेत्र का तापमान अचानक ही शून्य के नीचे जाने से बर्फबारी होने की जानकारी दी गई है।

गोरखा जिले के उत्तरी सीमा सिमदो और आसपास के क्षेत्र में बीती रात से ही भारी बर्फबारी होने की जानकारी दी गई है। सिमदो में रहे सशस्त्र प्रहरी बल के बॉर्डर आउटपोस्ट के प्रमुख इंस्पेक्टर विश्व त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार की रात को करीब दो से तीन फीट बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण इस क्षेत्र में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

इंस्पेक्टर त्रिपाठी के मुताबिक समदो के अलावा लार्केपास जाने वाले पद मार्ग भी बर्फबारी के कारण बंद हो गया है। इसके अलावा मनास्लु क्षेत्र में भी शुक्रवार की रात से शनिवार की दोपहर तक बर्फबारी होने की जानकारी दी गई है। मनास्लु क्षेत्र में इस समय बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक ट्रैकिंग के लिए आते हैं। सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने की जानकारी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

   

सम्बंधित खबर