मुंबई.14 अक्टूबर (हि.स.)। बीएमस की ओर से मुंबई शहर व उपनगरों में बुधवार से 19 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त मनपा आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी ने सभी विभाग उपायुक्तों और सहायक आयुक्तों को अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को पूरी सतर्कता से लागू करने का निर्देश दिया है।
दिवाली के त्योहार को देखते हुए मुंबई शहर और उपनगरों की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़कों, डिवाइडरों, फुटपाथों और बाजार क्षेत्रों की पूरी तरह से सफाई की जाएगी। अतिरिक्त मनपा आयुक्त जोशी के अनुसार यह अभियान अभियान दिन के दूसरे सत्र में स्वच्छता के लिए नियुक्त 'पिंक आर्मी' की मदद से शाम और रात के समय चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत सड़कों और गलियों से कचरा, मिट्टी, मलबा आदि एकत्र कर उसका निपटान किया जाएगा। आगामी शनिवार से दिवाली का त्यौहार शुरू हो रहा है। पर्व के उत्साह के साथ-साथ मुंबई में सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने के प्रयास भी आवश्यक हैं। 'पिंक आर्मी' और आवश्यक मशीनरी की सहायता से यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जोशी के अनुसार नालियों से तैरते कचरे को हटाने के लिए एक विशेष स्वच्छता अभियान मंगलवार को चलाया गया। सभी वार्डों में चलाए गए इस अभियान में कुल 4,974 मानव बल, 479 विभिन्न प्रकार के सफाई उपकरण और वाहनों का उपयोग किया गया। इनकी मदद से कुल 124.55 टन कचरा एकत्र किया गया और उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया गया। इस अभियान में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग, वर्षा जल निकासी विभाग, संरक्षण विभाग, गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार



