एमजीयूजी में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न
- DSS Admin
- May 17, 2026

गोरखपुर, 17 मई (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में सत्र 2026-27 में प्रवेश हेतु रविवार को दो पालियों में नर्सिंग पाठ्यक्रमों (बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग तथा एमएससी नर्सिंग) की प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दोनों पालियों को मिलाकर 4238 अभ्यर्थी (90 प्रतिशत) इस प्रवेश परीक्षा में सम्मलित हुए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था को शुचितापूर्ण, पारदर्शी, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए संपूर्ण तैयारी की थी। प्रवेश परीक्षा केंद्रों (नर्सिंग संकाय भवन व आयुर्वेद संकाय भवन) पर सख्त समय पालन के साथ परीक्षार्थियों के पहचान सत्यापन किया गया। परीक्षा केंद्रों में अनुशासित व्यवहार और सुचारु संचालन हेतु पर्याप्त कर्मचारी तैनात किए गए थे।
प्रवेश परीक्षा के दिन छात्रों तथा उनके अभिभावकों की सुविधा हेतु विश्वविद्यालय के मंदिर परिसर तथा अस्पताल परिसर के विभिन्न स्थानों पर बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। अभिभावकों के लिए गुड़ एवं शीतल जल की विशेष व्यवस्था कर उन्हें सहज और आरामदायक वातावरण प्रदान किया गया। प्रवेश परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस उद्देश्य से मार्गदर्शन कक्ष और सूचना केंद्र भी संचालित किए गए। इस अवसर पर महायोगी गोरखनाथ हॉस्पिटल में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर में अभ्यर्थियों के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, सामान्य परामर्श तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
एमजीयूजी प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अभिभावकों, अभ्यर्थियों, संयोजक मंडल तथा कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उप कुलसचिव श्रीकांत ने बताया कि परीक्षाफल निर्धारित समय सारिणी के अनुसार समय पर घोषित किया जाएगा और आवश्यक सूचना विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदान की जाएगी।
अधिक जानकारी तथा सहायता के लिए अभ्यर्थी और अभिभावक विश्वविद्यालय में प्रवेश कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या महायोगी गोरखनाथ यूनिवर्सिटी गोरखपुर की आधिकारिक वेबसाइट देखें।

