जैसलमेर में विशेष पौधारोपण अभियान रविवार को, एक घंटे में पांच लाख पौधे लगाकर बनाएंगे रिकार्ड

जैसलमेर, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले में रविवार को विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान एक घंटे में पांच लाख पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया जाएगा।

जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि इस विशेष अभियान के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। उन्होने बताया कि प्रादेशिक सेना और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को यह विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अभियान के दौरान छह स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। इनमें न्यू एयरपोर्ट लिंक रोड रानीसर जैसलमेर, मिलिट्री स्टेशन जैसलमेर, श्री हियाकजी मंदिर मोहनगढ़, श्री देगराय मंदिर रासला, श्री वीर छत्रपति सोहड़ाजी मंदिर सांखला तथा हमीरा गांव में यह पौधारोपण कार्यक्रम शामिल है। इस अभियान के तहत नीम, गुलमोहर, रोहिडा, खेजड़ी, कुमट, करंज, इमली और बेर के पौधे लगाए जाएंगे।

प्रादेशिक सेना के सूत्रों ने बताया कि यह विशेष वृक्षारोपण अभियान प्रादेशिक सेना की स्थापना के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित किया जा रहा है। अभियान में प्रादेशिक सेना की 128 वी पैदल वाहिनी और जिला प्रशासन जैसलमेर की संयुक्त भागीदारी रहेगी। इसमें भारतीय थल सेना, भारतीय वायुसेना तथा राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी होगी।

कलेक्टर ने अभियान के लिए विभिन्न विभागों को विशेष उत्तरदायित्व सोप कर सभी को तत्परता से कार्य करते हुए आपसी समन्वय के साथ इस विशेष घटना को अंजाम देने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी को कार्य करने को कहा है। जिला कलेक्टर ने इस पौधारोपण अभियान में सभी सरकारी विभागों के अलावा स्वयंसेवी संगठन, सिविल सोसाइटी और अन्य सभी गैर सरकारी संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से आमजन को अधिक अधिक संख्या में इस विशेष अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्हाेंने आम नागरिकों की भी अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर

   

सम्बंधित खबर