फुलर्टन, 29 जून (हि.स.)। भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत का यूएस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट जीतने का सपना अधूरा रह गया। पुरुष एकल फाइनल में रविवार को उन्हें चीनी ताइपे के सू ली-यांग के खिलाफ तीन गेम तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता और पूर्व विश्व नंबर-1 श्रीकांत ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम अपने नाम किया, लेकिन निर्णायक गेम में वह युवा प्रतिद्वंद्वी की तेज रफ्तार और आक्रामक खेल का जवाब नहीं दे सके। लगभग एक घंटे तक चले मुकाबले में श्रीकांत 15-21, 21-16, 9-21 से पराजित हुए।
33 वर्षीय श्रीकांत इस सत्र का अपना पहला फाइनल खेल रहे थे। मुकाबले की शुरुआत उन्होंने अच्छी की, लेकिन कुछ अनावश्यक गलतियों का फायदा उठाकर सू ली-यांग ने पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में श्रीकांत ने शानदार नेट प्ले और दमदार स्मैश का प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार बढ़त बनाए रखी और 21-16 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
हालांकि निर्णायक तीसरे गेम में सू ली-यांग ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार बढ़त बनाते हुए श्रीकांत पर दबाव बनाए रखा। ब्रेक तक उन्होंने चार अंकों की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद श्रीकांत वापसी नहीं कर सके और सू ली-यांग ने मैच जीतकर अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया।
इस हार के बावजूद श्रीकांत का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। उन्होंने सेमीफाइनल में जापान के युदाई ओकिमोटो को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पिछले वर्ष भी वह मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 और सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 में उपविजेता रहे थे। इस बार भी उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
---------------

