नागराकाटा में तृणमूल को बड़ा झटका, अंचल अध्यक्ष राजेन ने छोड़ी पार्टी
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
जलपाईगुड़ी, 13 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस को जमीनी स्तर पर लगातार झटके लग रहे है। इसी क्रम में शनिवार को नागराकाटा के आंगराभासा एक नंबर ग्राम पंचायत के अंचल कमेटी के अध्यक्ष राजेन फुयेल ने पार्टी से अपना संबंध खत्म करने का ऐलान कर दिया।
राजेन फुयेल इलाके के एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। वह 2017 से 2019 तक और फिर अगस्त 2025 से हालिया विधानसभा चुनाव तक दो चरणों में अंचल कमेटी के अध्यक्ष पद पर रहे थे। शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी हम इंतजार कर रहे थे, लेकिन ऊपर के नेताओं की तरफ से कोई संपर्क नहीं किया गया। लोगों ने भाजपा को जिताया है, इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पूरी पार्टी ही गायब हो जाए।
उन्होंने आगे कहा कि अब समझ में नहीं आ रहा कि तृणमूल ममता बनर्जी की है या ऋतब्रत बनर्जी की है। यह भी सुनने में आ रहा है कि पार्टी कांग्रेस के साथ मिल सकती है। ऐसे अनिश्चित माहौल में यहां बने रहने का कोई मतलब नहीं है।
राजेन ने साफ किया कि फिलहाल वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं और पहले की तरह व्यक्तिगत रूप से समाज सेवा का काम जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए किसी पार्टी या झंडे की जरूरत नहीं है।

