केन विलियमसन के संन्यास के बाद विल यंग न्यूजीलैंड टेस्ट टीम में शामिल
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
लंदन, 13 जून (हि.स.)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ बाकी दो टेस्ट मैचों के लिए बल्लेबाज विल यंग को टीम में शामिल किया है। यह फैसला दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन के सीरीज के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद लिया गया। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को उक्त जानकारी दी।
33 वर्षीय विल यंग 14 जून को इंग्लैंड पहुंचेंगे और 17 जून से द ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले सोमवार को टीम के साथ अभ्यास करेंगे।
विल यंग ने अपना पिछला टेस्ट दिसंबर 2025 में खेला था, लेकिन उन्हें शुरुआत में इंग्लैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया था। दिसंबर 2020 में टेस्ट पदार्पण करने वाले यंग अब तक केवल 23 टेस्ट मैच खेल पाए हैं। हालांकि सीमित अवसरों के बावजूद उन्होंने शीर्ष क्रम में लगातार प्रभाव छोड़ा है।
उनके करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक वर्ष 2024 में भारत दौरे पर आई थी, जब न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक रूप से भारत को उसकी सरजमीं पर 3-0 से हराया था। उस श्रृंखला में केन विलियमसन की अनुपस्थिति में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए विल यंग ने छह पारियों में 244 रन बनाए थे और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए थे। भारतीय स्पिनरों के खिलाफ कठिन परिस्थितियों में उनका प्रदर्शन काफी सराहा गया था।
इस बीच, संन्यास की घोषणा के बाद केन विलियमसन ने कहा कि वह कुछ समय तक टीम के साथ बने रहेंगे, ताकि बदलाव का दौर सहज तरीके से पूरा हो सके।
विलियमसन ने कहा, “मैं कुछ समय तक टीम के आसपास रहूंगा, लेकिन खिलाड़ियों को थोड़ा समय और जगह भी देना चाहता हूं। टीम के कई खिलाड़ियों के लिए यह बदलाव नया है और समय के साथ सब आगे बढ़ेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “इस टीम में विकास की काफी संभावनाएं हैं। मैं लंबे समय से इस टीम का हिस्सा रहा हूं और अब कई नए लीडर तैयार हैं। मुझे याद है जब हमारी टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी विदा हुए थे, तब भी बदलाव आया था। मेरा हटना भी नई नेतृत्व पीढ़ी के लिए अवसर लेकर आएगा।”
न्यूजीलैंड टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि विल यंग का अनुभव और शीर्ष क्रम में स्थिरता टीम को इंग्लैंड के खिलाफ बाकी टेस्ट मुकाबलों में मजबूती प्रदान करेगी।
---------------

