देशभर में 24 मई को 8 हजार स्थानों पर होगा ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का 75वां विशेष संस्करण
- DSS Admin
- May 21, 2026
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। गुजरात में 2030 में होने वाले 100वें कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का 75वां विशेष संस्करण 24 मई को देशभर में आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 8 हजार से अधिक स्थानों पर साइकिल रैली और फिटनेस कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्य आयोजन कॉमनवेल्थ गेम्स के मेजबान शहर गुजरात में अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर होगा, जहां केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहेंगे। 'ए न्यू आइकॉन फॉर ए फिट्टर इंडिया – पेडलिंग टू 2030' थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में हजारों साइकिल चालक, खिलाड़ी, युवा स्वयंसेवक और फिटनेस प्रेमी हिस्सा लेंगे।
मनसुख मंडाविया ने कहा कि 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत के लिए गर्व का विषय है और यह आयोजन देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस और खेलों से जोड़ना है। कार्यक्रम में अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ कई अंतरराष्ट्रीय और कॉमनवेल्थ पदक विजेता खिलाड़ी भी भाग लेंगे। इनमें हॉकी खिलाड़ी रजनी एतिमार्पू, गुरजीत कौर और सोनिका टांडी, निशानेबाज अंकुर मित्तल और अंजुम मौदगिल तथा बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुर्गुंडे शामिल हैं।
देशभर के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भी कॉमनवेल्थ गेम्स थीम पर आधारित साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्रों, नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और खेलो इंडिया केंद्रों में विशेष कार्यक्रम होंगे। कई पूर्व ओलंपियन और कॉमनवेल्थ चैंपियन भी आम लोगों के साथ इस अभियान में शामिल होंगे। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे गुवाहाटी में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी, जबकि पूर्व पहलवान बबीता फोगाट धर्मशाला और पूर्व हॉकी खिलाड़ी सबा अंजुम मुंबई में मौजूद रहेंगी।
अहमदाबाद सहित देशभर के साई केंद्रों में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें पिछले 12 वर्षों में भारत की खेल उपलब्धियों, खेलो इंडिया मिशन और खेल अवसंरचना में हुए विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 17 दिसंबर, 2024 को शुरू किया गया ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान देश के सबसे बड़े फिटनेस अभियानों में शामिल हो चुका है। अब तक इसके 74 संस्करणों में 3.07 लाख से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और 7 करोड़ से अधिक लोग इससे जुड़ चुके हैं।
---------------

