महिला टी-20 विश्व कप 2026 फाइनल के लिए मैच अधिकारियों की घोषणा

नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। महिला टी-20 विश्व कप 2026 फाइनल के लिए शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मैच अधिकारियों की घोषणा कर दी है। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में 5 जुलाई को खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में मेज़बान इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे।

फाइनल मुकाबले में जैकलीन विलियम्स और वृंदा राठी ऑन-फील्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगी। जैकलीन विलियम्स का यह पांचवां महिला टी-20 विश्व कप है। वह इससे पहले टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के सेमीफाइनल तथा ऑस्ट्रेलिया और भारत के अहम ग्रुप मुकाबले में भी अंपायरिंग कर चुकी हैं। यह उनके करियर का दूसरा महिला टी-20 विश्व कप फाइनल होगा। इससे पहले उन्होंने 2023 के फाइनल में भी ऑन-फील्ड अंपायर की जिम्मेदारी निभाई थी।

वहीं, वृंदा राठी पहली बार महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऑन-फील्ड अंपायर होंगी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज़ के सेमीफाइनल के अलावा इंग्लैंड और आयरलैंड के मुकाबले में भी अंपायरिंग की थी। फाइनल में किम कॉटन तीसरे अंपायर, निमाली परेरा चौथे अंपायर और जी.एस. लक्ष्मी मैच रेफरी की जिम्मेदारी निभाएंगी। जी.एस. लक्ष्मी ने इस विश्व कप के उद्घाटन मैच और श्रीलंका-न्यूज़ीलैंड मुकाबले में भी मैच रेफरी की भूमिका निभाई थी।

महिला टी-20 विश्व कप 2026 फाइनल के मैच अधिकारी:

ऑन-फील्ड अंपायर: जैकलीन विलियम्स, वृंदा राठी

तीसरे अंपायर: किम कॉटन

चौथे अंपायर: निमाली परेरा

मैच रेफरी: जी.एस. लक्ष्मी।

---------------

   

सम्बंधित खबर