जामुड़िया के पूर्व विधायक के कार्यालय और आवास पर पुलिस की छापेमारी

पश्चिम बर्दवान, 02 जुलाई (हि. स.)। जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने पूर्व तृणमूल विधायक हरेराम सिंह के पुत्र प्रमपाल सिंह से जुड़े अंडाल थाना क्षेत्र के बहुला स्थित कार्यालय में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 121 कारतूस के खोखे, कई दस्तावेज, फाइलें और रजिस्टर जब्त किए। हालांकि, किसी भी आग्नेयास्त्र की बरामदगी नहीं हुई है।

कार्यालय में कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने हरेराम सिंह के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। शुरुआत में परिवार के सदस्यों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें न्यायालय का आदेश और सर्च वारंट दिखाया, जिसके बाद तलाशी की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने घर के सभी हिस्सों, यहां तक कि छत की भी गहन तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद जामुड़िया थाना घेराव मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जिसके तहत बहुला स्थित कार्यालय को भी तलाशी के लिए चिन्हित किया गया।

स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में कार्यालय का ताला खुलवाकर पुलिस ने सभी कमरों की बारीकी से तलाशी ली। बरामद 121 कारतूस के खोखों के साथ अन्य दस्तावेजों को जब्त कर फोरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, मामले में नाम सामने आने के बाद से प्रमपाल सिंह पुलिस की पहुंच से बाहर बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भियान के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत की गई है। बरामद कारतूस के खोखों की उत्पत्ति, उनके संभावित उपयोग तथा मामले से उनके संबंध की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर