विंबलडन में फिर साथ उतरेंगी विलियम्स बहनें, महिला युगल में सेरेना और वीनस को मिला वाइल्ड कार्ड
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
लंदन, 16 जून (हि.स.)। टेनिस जगत की दिग्गज बहनें सेरेना विलियम्स और वीनस विलियम्स एक बार फिर विंबलडन के कोर्ट पर साथ दिखाई देंगी। ऑल इंग्लैंड क्लब ने मंगलवार को महिला युगल प्रतियोगिता के लिए दोनों को वाइल्ड कार्ड प्रदान किया है।
यह फैसला ग्रैंड स्लैम के शुरू होने से करीब दो सप्ताह पहले ऐसे समय लिया गया है, जब सेरेना ने लगभग चार साल बाद पेशेवर टेनिस में वापसी की है। 44 वर्षीय सेरेना ने पिछले सप्ताह लंदन में क्वींस क्लब चैंपियनशिप से वापसी की थी, जबकि वीनस सीमित कार्यक्रम के साथ लगातार खेल रही हैं और बुधवार को 46 वर्ष की हो जाएंगी।
विलियम्स बहनें टेनिस इतिहास की सबसे सफल महिला युगल जोड़ियों में गिनी जाती हैं। दोनों ने साथ मिलकर कुल 14 ग्रैंड स्लैम युगल खिताब जीते हैं, जिनमें विंबलडन के छह खिताब शामिल हैं। उन्होंने पहला विंबलडन खिताब वर्ष 2000 में जीता था, जबकि ऑल इंग्लैंड क्लब में उनकी आखिरी जीत वर्ष 2016 में आई थी।
सेरेना ने वापसी के दौरान क्वींस क्लब में कनाडा की विक्टोरिया मबोको के साथ अपना पहला युगल मुकाबला जीतकर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि बाद में मबोको के घुटने में चोट लगने के कारण दोनों को प्रतियोगिता से हटना पड़ा। विलियम्स बहनों ने आखिरी बार वर्ष 2022 के अमेरिकी ओपन में साथ खेला था, जहां उन्हें पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा था। उससे पहले दोनों ने चार साल से अधिक समय तक एक साथ युगल मुकाबला नहीं खेला था।
---------------

