नवगठित डिग्री कॉलेजों को जल्द क्रियाशील बनाने पर जोर, डीएम ने की समीक्षा बैठक

Meeting

सुपौल, 05 जून (हि.स.)। जिले के नवगठित डिग्री कॉलेजों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, भवनों की स्थिति, मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नवगठित डिग्री कॉलेजों के संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों, भवनों की भौतिक स्थिति, मरम्मत कार्य, फर्नीचर एवं अन्य शैक्षणिक सामग्रियों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), बीएसईआईडीसी के कार्यपालक अभियंता तथा जिले के सभी छह नवगठित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य मौजूद रहे।बैठक में प्राचार्यों ने अपने-अपने कॉलेजों की आवश्यकताओं का आकलन प्रस्तुत करते हुए भवन, कक्षाओं, फर्नीचर, प्रयोगशाला एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मांगों की सूची समिति के समक्ष रखी।

अधिकारियों ने इन आवश्यकताओं की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।जिलाधिकारी ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिया कि वे समिति के सदस्य सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा उच्चाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कॉलेजों को जल्द से जल्द पूर्ण रूप से संचालित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में नवगठित डिग्री कॉलेजों को शीघ्र क्रियाशील बनाकर शैक्षणिक गतिविधियों को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।

   

सम्बंधित खबर