सुपौल, 12 मई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी नरपतपट्टी ने भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए 234 लीटर नेपाली शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया ।
इस संबंध में कमांडेंट, 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी नरपतपट्टी क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की संभावना है। प्राप्त सूचना के आधार पर एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर स्पर संख्या–2475 के समीप चिन्हित स्थान पर गुप्त रूप से निगरानी शुरू की गई।
निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति नेपाल से भारत की ओर कोसी नदी के रास्ते साइकिल पर बोरी लादकर आते हुए दिखाई दिया। सुरक्षा बल द्वारा उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील कुमार मेहता, निवासी ग्राम सदानंदपुर, जिला सुपौल बताया। तलाशी के दौरान बोरी से कुल 234 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि उक्त शराब उसे कल्याणपुर निवासी संजय नामक व्यक्ति द्वारा उमेश मेहता, निवासी सदानंदपुर को पहुंचाने के लिए दी गई थी।बरामद नेपाली शराब, साइकिल एवं गिरफ्तार तस्कर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत थाना भपटियाही को सुपुर्द कर दिया गया।
इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) भारत भूषण एवं अन्य जवानों ने सराहनीय भूमिका निभाई।

