उप्र के गांवों में 15 जुलाई तक प्रत्येक दशा में कब्जा परिवर्तन पूर्ण कराया जाए : चकबंदी आयुक्त
- DSS Admin
- May 11, 2026
लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। चकबंदी आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने सोमवार को चकबंदी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लक्षित शत-प्रतिशत गांवों में प्रत्येक दशा में 15 जुलाई तक कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही पूर्ण कराई जाए। उन्होंने जनपदीय चकबंदी प्राधिकारियों को इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए हैं।
चकबंदी आयुक्त ने बताया कि प्रारम्भिक चकबंदी योजना के पुष्टिकरण के उपरान्त संबंधित ग्रामों में कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही प्रदेशभर में प्रचलित है। विभाग को इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने किसानों से अपील की है कि कब्जा परिवर्तन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे तत्काल संबंधित जनपद के सहायक चकबंदी अधिकारी, चकबंदी अधिकारी अथवा बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान कराएं। उन्होंने बताया कब्जा परिवर्तन कार्य प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए शासन को पत्र प्रेषित कर चकबंदी कार्मिकों के स्थानांतरण की तिथि 15 जुलाई तक बढ़ाए जाने का अनुरोध किया गया है।
---------------

