अवैध खनन पर डीएम का बड़ा एक्शन, तीन पट्टाधारकों पर 1.63 करोड़ का जुर्माना
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
36 वाहन-मशीनों पर भी कार्रवाई, मानसून में सभी बालू खदानें बंद
औचक निरीक्षण में खुली अनियमितताओं की पोल, ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन पर भी चला प्रशासन का डंडा
झांसी, 03 जुलाई (हि.स.)। जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स ने औचक निरीक्षण के दौरान तीन बालू-मौरंग खनन पट्टा क्षेत्रों में अवैध खनन पकड़ा, जिस पर संबंधित पट्टाधारकों के खिलाफ 1.63 करोड़ रुपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित की गई। वहीं अवैध खनन और परिवहन से जुड़े 36 वाहन एवं मशीनों पर 16.24 लाख रुपये की जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान पांच इमारती पत्थर खदानों में निर्धारित सीमास्तंभ नहीं मिलने पर प्रत्येक पट्टाधारक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक अन्य खदान में अवैध खनन मिलने पर नोटिस जारी कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्पष्ट कहा कि आवंटित क्षेत्र के बाहर खनन, ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शुक्रवार काे उन्होंने कहा कि खनिजों की कालाबाजारी रोकना, उचित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करना और खनन व्यवस्था में पारदर्शिता लाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
मानसून सत्र शुरू होने के चलते 30 जून की रात से सभी बालू-मौरम खदानों में खनन कार्य बंद करा दिया गया है। परिवहन मार्गों को जेसीबी से खुदवाकर बंद कराया गया तथा पट्टाधारकों को बंदी संबंधी सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने मानसून अवधि में अवैध खनन पर सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी गरौठा, ज्येष्ठ खान अधिकारी, तहसीलदार सहित क्षेत्राधिकारी पुलिस व खनिज प्रवर्तन दल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------

