पाकिस्तानियों को चिन्हित नहीं कर रही राज्य सरकार : बाबूलाल
- Admin Admin
- May 05, 2025

रांची, 5 मई (हि.स.)। इंडिया गठबंधन की सरकारों की ओर से पाकिस्तानी नागरिकों को चिन्हित नहीं करने के विरोध में सोमवार को भाजपा महानगर ने रांची सहित सभी जिला मुख्यालयों पर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला।
आक्रोश मार्च का नेतृत्व रांची में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया। कार्यक्रम के जरिए झारखंड में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को चिह्नित कर अविलंब देश से बाहर निकालने की मांग की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भाजपा के नेता जिला स्कूल मैदान से पाकिस्तानियों भारत छोड़ो का नारा लगाते हुए डीसी कार्यालय तक पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आक्रोश मार्च जिला स्कूल मैदान से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने वैध और अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए रांची के उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा ।
उपायुक्त की अनुपस्थिति पर जतायी नाराजगी
मौके पर नेता प्रतिपक्ष नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड सरकार ने अब तक एक भी पाकिस्तानी को चिन्हित नहीं किया है, जबकि उनकी जानकारी में डोरंडा में ही तीन पाकिस्तानी हैं, जिनकी शादी करांची में हुई है और उनके बच्चे यहां पढ़ाई करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न जाने यहां और कितने होंगे।
वहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि कितनी विडंबना है कि झारखंड सरकार ने एक भी पाकिस्तानियों को अब तक चिन्हित नहीं किया है। इसके विरोध पूरे राज्य भर के जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन हो रहा है। उन्होंने समाहरणालय में उपायुक्त की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था कैसी है।
कार्यक्रम में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, विधायक सीपी सिंह सहित प्रदेश और जिला के कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak