पहली जॉब को एक ट्रेनिंग समझें, स्किल अपग्रेड करें : राजेश धर्माणी
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
हमीरपुर, 27 जून (हि.स.)। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने युवाओं से अपील की है कि वे कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी पहली जॉब को एक ट्रेनिंग की तरह समझें और अपने स्किल्स को लगातार अपग्रेड करते रहें। इससे उनका कॅरियर संवरेगा और वे जीवन में बहुत बड़ी सफलता हासिल कर सकेंगे।
शनिवार को यहां बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू, हमीरपुर के परिसर में सिटी ग्रुप एवं सीटी यूनिवर्सिटी द्वारा महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग से आयोजित मैगा जॉब फेयर का उदघाटन करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं को सरकारी क्षेत्र के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए कैंपस इंटरव्यू, स्टार्ट अप योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना, कौशल विकास और अन्य योजनाओं के अलावा मैगा जॉब फेयर भी आयोजित करवाए जा रहे हैं। शिक्षण संस्थानों में नए रोजगारपरक कोर्स आरंभ किए जा रहे हैं। स्किल यूनिवर्सिटी भी स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू कैबिनेट की हर बैठक में इन सभी योजनाओं की समीक्षा करते हैं।
मैगा जॉब फेयर के आयोजन के लिए सीटी ग्रुप की सराहना करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस ग्रुप का यह पांचवां आयोजन है और इसमें कॉरपोरेट सेक्टर की 32 बड़ी कंपनियों की मौजूदगी युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है। पिछली बार घुमारवीं में आयोजित किए गए इसी तरह के मैगा जॉब फेयर में लगभग 700 युवाओं को नौकरी मिली थी और इनमें से 535 युवा अब अच्छे पदों पर कार्यरत हैं।
राजेश धर्माणी ने कहा कि ऐसे आयोजन से युवाओं को कॉरपोरेट सेक्टर की बड़ी कंपनियों के अधिकारियों के साथ सीधी इंटरएक्शन और अपने व्यक्तिगत स्किल के आधार पर रोजगार मिलता है।
इस अवसर पर सीटी ग्रुप के वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, डॉ विनीत ठाकुर, डॉ. आशीष रैणा, डॉ. नितिन अरोड़ा, बहुतकनीकी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
---------------

