स्वस्थ वृद्धावस्था की ओर कदम-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले जागरूकता एवं योग शिविर का आयोजन
- Neha Gupta
- Jun 19, 2026

कठुआ, 19 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही गतिविधियों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को जनाना पार्क कठुआ में जागरूकता सह योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आयुष विभाग जम्मू-कश्मीर के निदेशक डॉ. अजय कुमार टिक्कू और उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के निर्देशों तथा जिला आयुष अधिकारी कठुआ डॉ. राकेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन कठुआ के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आधारित रहा। इसका संचालन नोडल अधिकारी आईडीवाई-2026 डॉ. बोध पाल और जिला मास्टर योग प्रशिक्षक डॉ. रेखा शर्मा द्वारा किया गया जबकि समग्र पर्यवेक्षण जिला आयुष अधिकारी के अधीन रहा।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत अभियान और 365 डेज योग काउंटडाउन अभियान के अंतर्गत शपथ ली जिसमें उन्होंने नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने और नियमित योग अभ्यास करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तृत जागरूकता सत्र आयोजित किए गए जिसमें योग को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी बताया गया। योग प्रशिक्षकों अंकुश, प्रियंका और शालू द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया गया। वहीं डॉ. रेखा शर्मा और डॉ. दीपक शर्मा ने तनाव प्रबंधन और संपूर्ण स्वास्थ्य सुधार में योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, मॉर्निंग वॉकर समूह के सदस्य और पतंजलि योग समिति के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कुल 95 प्रतिभागियों ने इस शिविर में भाग लेकर लाभ उठाया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------

