लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1456 अंक लुढ़का

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट और प्रधानमंत्री की देशवासियों से मितव्ययिता की अपील के बाद हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ है। सेंसेक्स 1,456.04 अंक फिसल गया, जबकि निफ्टी 436.30 अंक टूटकर 23,379.55 पर आ गया।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 1,456.04 अंक यानी 1.92 फीसदी लुढ़ककर 74,559.24 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 436.30 अंक यानी 1.83 फीसदी की गिरावट के साथ 23,379.55 के स्तर पर बंद हुआ है। शेयर बाजार में लगातार चौथे कारोबारी दिन ये गिरावट आई है। पिछले चार दिन में सेंसेक्स करीब 3,500 अंक और निफ्टी लगभग 1,000 अंक टूटा है।

बाजार में आज के कारोबार में रियल्टी और आईटी के शेयर सबसे ज्यादा टूटे हैं। टीसीएस, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में 4.5 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली है। वहीं ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी, मीडिया, फार्मा, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक के शेयरों में 2.5 फीसदी तक की गिरावट आई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया और टूटकर 95.63 (अस्थायी) प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया है।

इससे पहले सोमवार के कारोबारी सत्र में शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 1,313 अंक की गिरावट के साथ 76,015 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 360 अंक की गिरावट के साथ 23,815 पर बंद हुआ था।

---------------

   

सम्बंधित खबर