हिसार के बेटे मेजर अमित कुमार ने किया नाम रोशन, मिला सर्वश्रेष्ठ छात्र का सम्मान
- Vijesh Sharma
- Jun 04, 2026

हिसार, 04 जून । जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला निवासी मेजर अमित कुमार
दलाल ने अंतरराष्ट्रीय सैन्य मंच पर देश का नाम रोशन किया है। भारतीय सेना की 19 मैकेनाइज्ड
इन्फैंट्री में कार्यरत मेजर दलाल ने केन्या के जॉइंट कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और नेशनल
डिफेंस यूनिवर्सिटी में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित सीनियर जॉइंट कमांड एंड स्टाफ कोर्स में 19 देशों
के कुल 95 सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें 71 केन्या डिफेंस फोर्स और 24 सहयोगी
देशों के अधिकारी शामिल थे। मेजर अमित कुमार दलाल ने इस प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी
शैक्षणिक प्रतिभा और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया।
मेजर दलाल को कोर्स के दूसरे सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा के
सर्वश्रेष्ठ छात्र का पुरस्कार भी प्राप्त किया। उन्होंने नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी,
केन्या से डिस्टिंक्शन के साथ स्नातक की उपाधि भी हासिल की। मेजर अमित कुमार दलाल की
इस उपलब्धि से भिवानी रोहिल्ला गांव, हिसार जिला, 19 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री और पूरे
भारतीय सेना परिवार में गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय
सेना की पेशेवर क्षमता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रणाली को एक बार फिर स्थापित किया है।

