प्रदेश के 4 संभागों में 2-3 दिन आंधी-बारिश संभव

जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। नए पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से आगामी 2-3 दिन प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी बारिश की संभावना है। इससे पारे में गिरावट आएगी। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के पारे में गिरावट आने लगी है। प्रदेश के 10 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया। 43.1 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 30.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। हालांकि प्रदेश के 12 शहरों का रात का पारा 25 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन दोपहर बाद तेज मेघगर्जन, आंधी-बारिश की संभावना है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है। गुरुवार को भी बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग में कुछ स्थानों पर दोपहर बाद आंधी व हल्की बारिश देखने को मिली। विक्षोभ का सर्वाधिक असर 11-12 अप्रेल को होने की संभावना है। 11 अप्रेल को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में तेज आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटे ) व बारिश की प्रबल संभावना है। 12 अप्रेल को उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में तेज अंधड़ (40-50 किमी प्रतिघंटा ) व हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। 13 अप्रेल से अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। 14-15 अप्रेल से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में पुनः अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज होने तथा हीटवेव का नया स्पेल शुरू होने की प्रबल संभावना है।

आंधी-बारिश से गिरा जयपुर का पारा

जयपुर में बुधवार को कई स्थानों पर आंधी और बारिश देखने को मिली। इससे जयपुर के तापमान में गिरावट आई है। हालांकि इससे आमजन को गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिल पाई है। जयपुर के दिन के तापमान में 1.9 और रात के तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 41.1 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी 2-3 दिन जयपुर का मौसम बदला नजर आएगा। आंधी-बारिश से पारे में और गिरावट आने की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

श्रीगंगानगर 43.1

डबोक 43.1

कोटा 42.8

चूरू 42.8

पिलानी 42.7

चित्तौड़गढ़ 42.6

वनस्थली 42.1

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

   

सम्बंधित खबर