महादेवी वर्मा सृजन पीठ और टैगोर टॉप का विद्यार्थियों ने किया शैक्षिक भ्रमण

नैनीताल, 15 मई (हि.स.)। पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार दुर्गापुर नैनीताल के कक्षा 12 के हिन्दी विषय के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. माधव प्रसाद त्रिपाठी के नेतृत्व में रामगढ़ स्थित महादेवी वर्मा सृजन पीठ, शैलेश मटियानी पुस्तकालय व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टैगोर टॉप का भ्रमण कर हिन्दी साहित्य और प्रकृति के गहरे संबंध को निकट से समझा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने महादेवी वर्मा साहित्य संग्रहालय में संरक्षित पांडुलिपियों, दुर्लभ चित्रों एवं साहित्यकार महादेवी वर्मा द्वारा उपयोग की गई वस्तुओं का अवलोकन किया और उनकी प्रमुख कृतियों ‘यामा’, ‘दीपशिखा’, ‘नीरजा’ तथा ‘अतीत के चलचित्र’ का अध्ययन किया।

विद्यार्थियों ने रामगढ़ स्थित शैलेश मटियानी पुस्तकालय में हिन्दी साहित्य की महत्वपूर्ण कृतियों एवं साहित्यकार शैलेश मटियानी के साहित्य का अवलोकन किया। इसके बाद टैगोर टॉप पहुंचकर हिमालयी वादियों के बीच साहित्य और प्रकृति के सामंजस्य को अनुभव किया। इस अवसर पर डॉ. माधव प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि पुस्तकों में पढ़ा गया साहित्य जब वास्तविक स्थलों से जुड़ता है तो वह विद्यार्थियों पर अमिट प्रभाव छोड़ता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें साहित्य, संस्कृति तथा प्रकृति से जोड़ते हैं। भ्रमण के दौरान हिन्दी प्रवक्ता रेखा जोशी, अनिल बिष्ट सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर