विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और बैनरों के माध्यम से दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
- DSS Admin
- May 25, 2026

जम्मू, 25 मई । नशा विरोधी जागरूकता अभियान के तहत नेशनल मॉडल अकादमी स्मार्ट हायर सेकेंडरी स्कूल, कैल द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा (आईपीएस) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एसडीपीओ रामनगर डीएसपी सुल्तान मिर्जा, स्कूल चेयरमैन जगदीश राज शर्मा, एसएचओ मजालता सरताज चौधरी, मैनेजिंग डायरेक्टर निर्मल केसर, अकादमिक डायरेक्टर पूजा बलगोत्रा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. नीरज केसर तथा स्कूल प्रिंसिपल राज रानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता बैनर लेकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के कारण होने वाले नुकसान और इससे बचने के उपायों का प्रभावशाली संदेश दिया। यह कार्यक्रम मजालता हाफ मैराथन कमेटी अगेंस्ट ड्रग्स, आईसीडीएस मजालता तथा जिला पुलिस के सहयोग से आयोजित किया गया। अपने संबोधन में डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए पूरे समाज को मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की संगति पर विशेष ध्यान दें ताकि वे गलत रास्ते पर न जाएं।
एसडीपीओ रामनगर डीएसपी सुल्तान मिर्जा ने विद्यार्थियों और आम लोगों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा न केवल परिवारों को बर्बाद करता है बल्कि व्यक्ति को आर्थिक और शारीरिक रूप से भी कमजोर बना देता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ और बेहतर जीवन के लिए नशे से दूर रहने की अपील की। इस मौके पर एसएचओ मजालता सरताज चौधरी ने कहा कि लोग नशे के दुष्परिणामों से भलीभांति परिचित होने के बावजूद इसकी गिरफ्त में आ जाते हैं। उन्होंने युवाओं से धीरे-धीरे नशे की आदत छोड़ने और परिवार व समाज में सकारात्मक माहौल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

