आर्मी पब्लिक स्कूल जयपुर के छात्रों ने रिवर्स इंटीग्रेशन टूर के तहत जम्मू-कश्मीर का दौरा किया

जयपुर, 18 मई (हि.स.)। आर्मी पब्लिक स्कूल जयपुर के छात्रों ने सप्त शक्ति कमांड के तत्वावधान में एवं ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन, उत्तरी कमांड के समन्वय से 10 से 17 मई 2026 तक जम्मू-कश्मीर के पुंछ–सौजियां क्षेत्र में आयोजित‘रिवर्स नेशनल इंटीग्रेशन टूर’ का सफलतापूर्वक समापन किया।

जन संपर्क अधिकारी (रक्षा) ले कर्नल निखिल धवन के अनुसार इस दौरे के दौरान, छात्रों ने अग्रिम क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों और पूंछ युद्ध स्मारक के दौरे के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के ऑपरेशनल एनवायरनमेंट,संस्कृति और विरासत का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। छात्रों ने उन्नत मानव रहित हवाई प्रणालियों (अनमैन्ड एरियल व्हीकल्स) एवं ड्रोन क्षमताओं का अवलोकन किया तथा ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ संवाद भी किया।

टूर के प्रमुख आकर्षणों में एक आर्टिलरी रेजिमेंट तथा सौजियां स्थित एलीट राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन का भ्रमण शामिल रहा, जहाँ छात्रों ने लाइव ड्रोन प्रदर्शन देखा तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात सैनिकों द्वारा सामना की जाने वाली चुनौतियों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। टूर का समापन सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर के साथ आयोजित संवाद एवं सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए तथा इस प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर