छपरा संग्रहालय में 18 मई को सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे छात्र
- DSS Admin
- May 17, 2026
सारण, 17 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर 18 मई को छपरा संग्रहालय में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कला एवं संस्कृति विभाग,संग्रहालय निदेशालय के अंतर्गत छपरा संग्रहालय एवं फेसेस पटना के संयुक्त तत्वावधान में इस बार यक्षिणी नामक जानकारी नाटक का मंचन किया जाएगा।
सहायक संग्रहालयाध्यक्ष विमल तिवारी ने बताया कि यह विशेष नाटक दीदारगंज से प्राप्त विश्वप्रसिद्ध यक्षिणी प्रतिमा की प्राप्ति और उसके ऐतिहासिक गौरव की गाथा पर आधारित है। कार्यक्रम का आयोजन छपरा संग्रहालय के सभागार में दोपहर 2:30 बजे से निर्धारित है। इस मुख्य आयोजन से पूर्व सुबह के सत्र में जिले के सरकारी व निजी विद्यालयों सहित जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों के छात्रों के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। आओ चलें संग्रहालय की ओर शीर्षक वाले इस अभियान के माध्यम से बच्चों को संग्रहालय से जोड़कर उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत को गहराई से समझने का अवसर दिया जाएगा।सहायक संग्रहालयाध्यक्ष विमल तिवारी ने क्षेत्र के कला प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों को इस सांस्कृतिक प्रस्तुति का गवाह बनने के लिए आमंत्रित किया है।
---------------

