डोनाल्ड ट्रंप ने अपने परिवार के कारोबार का बचाव किया, कहा- बच्चों करना पड़ता है जांच का सामना

वाशिंगटन, 03 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को अपने परिवार के कारोबार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनके राष्ट्रपति बनने से पहले से ही बच्चे व्यापार के क्षेत्र में हैं। उन्हें कड़ी जांच का सामना करना पड़ता है। ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति का पद इतना ताकतवर होता है कि उनके बच्चे जो कुछ भी करते हैं, उसे हितों का टकराव माना जा सकता है।

राष्ट्रपति ट्रंप की यह टिप्पणी मंगलवार को जारी उनकी 2025 की वार्षिक वित्तीय प्रकटीकरण रिपोर्ट (फाइनेंशियल डिस्क्लोजर रिपोर्ट) के बाद आई है। इस रिपोर्ट से सार्वजनिक हुआ कि व्हाइट हाउस में वापसी के पहले साल 2025 में उन्होंने अपने परिवार से जुड़े क्रिप्टोकरेंसी वेंचर से 580 मिलियन डॉलर से ज्यादा कमाए।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में सीएनबीसी के साथ साक्षात्कार में इस सबके अलावा अन्य मुद्दों पर पर भी बातचीत की।

ट्रंप ने कहा, राष्ट्रपति की नीतियां अर्थव्यवस्था के लगभग हर हिस्से पर असर डालती हैं। बच्चों की अपनी जिंदगी है। क्रिप्टो वेंचर में कुछ भी गैरकानूनी या गलत नहीं हुआ।

उन्होंने हितों के टकराव से जुड़े संघीय कानूनों का जिक्र भी किया। ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति के लिए उन फैसलों से खुद को अलग करना जरूरी नहीं है जो उनके वित्तीय हितों पर असर डाल सकते हैं। ट्रंप ने इसके अलावा उच्चतम न्यायालय, अर्थव्यवस्था, बाजार, ईरान, फेडरल रिजर्व और 2026 के मध्यावधि चुनाव जैसे मुद्दों पर भी बातचीत की।

उनसे उनके पसंदीदा अमेरिकी राष्ट्रपति का नाम बताने या अमेरिकी इतिहास के किसी खास दौर को अहम मानने के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने कहा, हमारे यहां कुछ बहुत बुरे राष्ट्रपति भी रहे हैं। इसके बाद उन्होंने उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले का जिक्र किया। इस फैसले को राष्ट्रपति पद को मजबूत करने वाला माना गया है, क्योंकि इसने कमांडर-इन-चीफ को उन स्वतंत्र संघीय एजेंसियों के सदस्यों को हटाने की इजाजत दी जो एग्जीक्यूटिव ब्रांच के तहत काम करती हैं।

ट्रंप ने कहा, इस फैसले ने राष्ट्रपति को बहुत अधिक ताकत दी, लेकिन यह पद हमेशा से मजबूत रहा है। सिर्फ मेरे समय से ही नहीं। इसे सबसे ताकतवर ओहदा माना जाता है। दूसरे देशों के राष्ट्रपतियों के पद को उतना ताकतवर नहीं माना जाता। उन्होंने कहा, एक देश के तौर पर हमारी फिर से इज्जत हो रही है। शायद पहले कभी ऐसी इज्जत नहीं मिली। डेढ़ साल पहले, लोग हम पर हंसते थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर