पूसीरे ने तिनसुकिया मंडल में गति प्रतिबंध को सफलतापूर्वक हटाया

गुवाहाटी, 29 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने तिनसुकिया मंडल के अंतर्गत शिमलगुड़ी– मराणहाट खंड में एक महत्वपूर्ण ट्रैक कार्य और गति प्रतिबंध हटाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस इंजीनियरिंग कार्य के परिणामस्वरूप, इस खंड में ट्रेनें अब सामान्य गति से चलने में सक्षम होंगी।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया है कि इस परियोजना में मौजूदा 3-डिग्री कर्व को अपग्रेड करना शामिल था, जो 290 मीटर लंबा था और इसके लिए किमी 22/8 और किमी 23/1 के बीच ट्रेनों को गति कम करने की आवश्यकता थी। अब इसे नए डिजाइन किए गए 2-डिग्री कर्व से बदल दिया गया है, जो 420 मीटर तक फैला हुआ है, जिससे ट्रेनें सेक्शनल गति मानदंडों के अनुसार 110 किमी प्रति घंटे की गति बनाए रखने में सक्षम होंगी।

पूसीरे अपने नेटवर्क में ट्रैक की स्थिति में सुधार और स्थायी गति प्रतिबंधों (पीएसआर) को हटाने की दिशा में लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इन पहलों में समय की पाबंदी में सुधार और यात्री सेवाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक ट्रैक नवीनीकरण और नियमित रखरखाव गतिविधियां शामिल हैं। इन प्रयासों के तहत, पूसीरे ने अब तक 15 स्थायी गति प्रतिबंधों (पीएसआर) को सफलतापूर्वक समाप्त कर दिया है। हाल ही में गति प्रतिबंध का हटाया जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि पूसीरे सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल रेल यात्रा सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध है।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर