केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार को कोलकाता में पुलिस ने हिरासत में लिया, मुर्शिदाबाद हिंसा पीड़ितों के लिए चंदा जुटा रहे थे कार्यकर्ता

कोलकाता, 22 अप्रैल (हि. स.)।महानगर कोलकाता के हाजरा मोड़ इलाके में उस समय राजनीतिक तनाव का माहौल बन गया जब केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को पुलिस ने अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि ये सभी कार्यकर्ता मुर्शिदाबाद जिले में हुई हालिया हिंसा के पीड़ितों की मदद के लिए चंदा इकट्ठा करने पहुंचे थे।

हाजरा मोड़ वही इलाका है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसी स्थान पर भाजपा नेताओं की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित करने के आरोप में मजूमदार सहित अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा कि हम यहां सिर्फ उन पीड़ितों के लिए सहायता राशि जुटाने आए थे जो मुर्शिदाबाद हिंसा से प्रभावित हुए हैं। क्या पीड़ितों के लिए चंदा मांगना अपराध है? क्या हमें विरोध करने का भी अधिकार नहीं है? यह हमारा मौलिक अधिकार है।

मौके पर मौजूद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह इलाका अत्यंत संवेदनशील माना जाता है और यहां कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए स्थानीय थाने से पूर्व अनुमति अनिवार्य होती है। पुलिस के अनुसार, भाजपा ने ऐसी कोई अनुमति नहीं ली थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर