भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को बांटे गए समर किट, हुगली ग्रामीण पुलिस की पहल
- DSS Admin
- May 25, 2026
हुगली, 26 मई (हि. स.)। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हुगली ग्रामीण पुलिस ने विशेष पहल की है। सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, सिविक वॉलंटियर, होमगार्ड और कांस्टेबलों को समर किट वितरित किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तेज गर्मी में लंबे समय तक सड़क और मैदान में ड्यूटी करने वाले कर्मियों को राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई। समर किट में गर्मी के मौसम में उपयोगी विभिन्न सामग्री दी गई, जिससे पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम में मौजूद हुगली ग्रामीण पुलिस के पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं।
उन्होंने हालिया चुनाव और चुनाव-पूर्व अवधि में जिम्मेदारी और दक्षता के साथ ड्यूटी निभाने के लिए भी पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की। साथ ही भविष्य में भी इसी समर्पण और पेशेवर अंदाज के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
इस पहल से पुलिसकर्मियों में उत्साह देखा गया। अधिकारियों का मानना है कि प्रशासन की ओर से मिली यह सराहना उनके मनोबल और कार्यक्षमता को और मजबूत करेगी।
---------------

