सुपौल में भीषण अगलगी से पांच घर राख, सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी तबाही; लाखों की संपत्ति जलकर राख

Aagआग

सुपौल, 15 जून (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही वार्ड संख्या-1 में सोमवार तड़के भीषण अगलगी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एक घर से शुरू हुई और तेज लपटों के कारण कुछ ही देर में आसपास के अन्य घरों तक फैल गई। इसी दौरान गैस सिलेंडर फटने से आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे तक राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा।

इस हादसे में श्याम सुंदर शर्मा, संजय शर्मा, अशोक शर्मा और विशेष शर्मा समेत चार परिवारों के कुल पांच घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, घरेलू सामान, ट्रंक, हलर-चककी तथा जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वर्षों की जमा पूंजी कुछ ही घंटों में राख में तब्दील हो गई। अगलगी के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बीच पीड़ित बिमला देवी की दर्दभरी कहानी ने सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने बताया कि बेटे के जन्म के समय ही उनके पति का निधन हो गया था और पिछले वर्ष वज्रपात में बेटे की भी मौत हो गई। अब आग की इस घटना ने उनकी बची-खुची गृहस्थी भी छीन ली।

इधर राघोपुर की अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजा जा रहा है। क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

   

सम्बंधित खबर