देश को सुरक्षित रखने हेतु बंगाल की सुरक्षा जरूरी : शुभेंदु अधिकारी
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि वह पश्चिम बंगाल को देशद्रोह और अपराध से पूरी तरह मुक्त कर देंगे। कोलकाता में आयोजित ‘सनातन चेतना एवं रामराज्य जागरण’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने राज्य की सुरक्षा, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। शनिवार शाम आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, देश को सुरक्षित करने के लिए बंगाल को सुरक्षित करना जरूरी है। राज्य के लोगों ने मुझ पर जो भरोसा जताया है उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं बंगाल को अपराध और देशद्रोह से मुक्त करूंगा।
अपने संबोधन में अधिकारी ने दावा किया कि उन्हें बंगाल में कानून-व्यवस्था और सामाजिक स्थिरता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे इसे प्रभावी ढंग से निभाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग किसी कारणवश बंगाल छोड़कर चले गए थे, वे वापस लौटें, क्योंकि राज्य में बेहतर माहौल बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कोलकाता को केवल देश की सांस्कृतिक राजधानी ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक राजधानी भी बताया। साथ ही कहा कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने तारकेश्वर श्रावणी मेला के आयोजन को और भव्य बनाने की योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कपिल मुनि आश्रम और सागर मेला को अंतरराष्ट्रीय आयोजन का दर्जा दिलाने की दिशा में पहल किए जाने की बात भी कही।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि सभी लोग आगे आएं और एकजुट होकर बंगाल के पुनर्निर्माण और सशक्तिकरण में सहयोग करें।

