कोलकाता, 16 जून (हि.स.)। पूर्व बर्धमान जिले के कालना शहर में मंगलवार सुबह एक बैग से सात छोटे कछुए बरामद होने से इलाके में उत्सुकता का माहौल बन गया। घटना कालना के पेयरिनगर क्षेत्र की है, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पेयरिनगर घाट के पास स्थित एक टोटो स्टैंड के निकट मंगलवार सुबह एक लावारिस बैग पड़ा हुआ दिखाई दिया। टोटो चालक आकाश शेख, जाबेर शेख और बिप्लब शेख ने बैग को देखा और उसके पास पहुंचने पर पाया कि उसके भीतर सात छोटे कछुए मौजूद हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कछुओं को अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कछुओं को बैग में रखकर वहां कौन छोड़ गया और उनका स्रोत क्या है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने कछुओं को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की व्यवस्था शुरू कर दी है। एक साथ 7 कछुओं के मिलने की घटना से स्थानीय लोगों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह तस्करी का मामला लगता है।

