अनुचित व्यवहार का आरोप लगाकर शिक्षक के साथ मारपीट

भागलपुर, 15 मई (हि.स.)। जिले के नारायणपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बलाहा में शुक्रवार को ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। एक शिक्षक पर छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और स्कूल परिसर के बाहर हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

इस घटना में शिक्षक घायल हो गए। उधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को भीड़ से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि आज सुबह स्कूल खुलने के समय एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ की बात सामने आई। आरोप शिक्षक राम कुमार झा पर लगाया गया। घटना की चर्चा फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय के बाहर जमा हो गए। कुछ ही देर में माहौल उग्र हो गया और शिक्षक के साथ ग्रामीण हाथापाई करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। भवानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकालकर नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया। घटना की खबर मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शमी अहमद विद्यालय पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि शिक्षक और स्कूल प्रशासन के बीच पहले से कुछ विवाद चल रहा था। उपस्थिति पंजी और अवकाश संबंधी मामलों को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव बताया जा रहा है। घायल शिक्षक राम कुमार झा ने पूरे मामले को साजिश बताया है। उनका आरोप है कि विद्यालय के कुछ लोगों ने जानबूझकर ग्रामीणों को भड़काया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर