स्थानीय उद्यमिता को एक नया आयाम देने सुकमा में तेजस कार्यशाला का आयोजन
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
सुकमा, 03 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के तत्वावधान में शबरी ऑडिटोरियम में आज शुक्रवार को एक दिवसीय तेजस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के ‘स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित इस वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य जिले में नवाचार, ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद), फूड प्रोसेसिंग और स्थानीय उद्यमिता को एक नया आयाम देना था। कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों, एमएसएमई उद्यमियों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों सहित लगभग 350 प्रतिभागियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सुकमा में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि यदि वे आधुनिक तकनीक और नवाचार (इन्नोवेशन) को अपनाकर आगे बढ़ें, तो न केवल वे खुद आत्मनिर्भर बनेंगे बल्कि जिले की आर्थिक प्रगति को भी एक नई रफ्तार मिलेगी।
कार्यशाला के दौरान देश भर से आए विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बिजनेस की बारीकियों से रूबरू कराया। युवाओं को स्टार्टअप इंडिया के तहत मिलने वाली डीपीआईआईटी मान्यता, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, सफल बिजनेस मॉडल, डिजिटल मार्केटिंग और बौद्धिक संपदा अधिकार जैसे तकनीकी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों और इन्क्यूबेशन सेंटर्स के विशेषज्ञों ने व्यापार शुरू करने के लिए जरूरी लोन, वित्तीय सहायता, निवेश और व्यापार विस्तार के व्यावहारिक तरीकों को बेहद सरल अंदाज में समझाया।
प्रभारी महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कैलाश कश्यप ने बताया कि इस कार्यशाला का असली मकसद युवाओं को सिर्फ स्टार्टअप तक सीमित न रखकर कृषि, वनोपज और हस्तशिल्प जैसे स्थानीय उत्पादों से जोडऩा है। कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इसे बेहद उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे ट्रेनिंग प्रोग्राम लगातार आयोजित करने की इच्छा जताई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हूंगा राम मरकाम, कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि सहित पार्षद रंजीत बारठ, पूर्व योग आयोग सदस्य राजेश नारा, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिगण, लीड बैंक अधिकारी विकास कुमार, रवि वाधवानी, अरविंद कुमार, बरगीन रसेल एवं अबुल हसन (स्टार्टअप टीम), तुलिका शर्मा (इन्क्यूबेटर, जगदलपुर), पत्रकार संघ के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

